Sat. Mar 7th, 2026

कार दुर्घटना में 5 लोग घायल, अंधा मोड़ दे रहा है हादसों को न्योता – प्रतीक सिंह।

रामानुजगंज। आज सुबह करीब 9 बजे रामानुजगंज–वाड्राफनगर मार्ग पर स्थित पलटन घाट के तीखे एवं अंधे मोड़ पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार नवीन तिवारी (49 वर्ष) अपनी पत्नी मधु तिवारी (44 वर्ष) के साथ बनारस से इलाज कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाड्राफनगर की ओर जा रही दूसरी कार में नंद गोपाल तिवारी की बहू सेजल तिवारी (27 वर्ष), उनकी बहन दीक्षा (32 वर्ष), एक चार वर्षीय बालक सहित प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे एवं शिव शक्ति सवार थे। पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दृश्यता कम होने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे कारों में सवार सभी लोग घायल हो गए।

 

घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों को हटवाया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पलटन घाट का यह अंधा और तीखा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। पूर्व में भी यहां कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को सुरक्षित बनाने या मोड़ को सीधा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस संबंध में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते यह मोड़ लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि तत्काल संज्ञान लेकर मार्ग को सुरक्षित किया जाए, चेतावनी संकेतक एवं सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से लोगों की जान बचाई जा सके।

Related Post