Fri. Oct 23rd, 2026

February 2026

ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न।

बलरामपुर, राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के सभी विभागों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली, ई-एचआरएमएस और स्पैरो पोर्टल से संबंधित बारीकियों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में  पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनर विनोद देवांगन एवं निखिल साहू ने ई-ऑफिस के संचालन की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ई-ऑफिस के अंतर्गत डिस्पैच, पत्राचार, नोटशीट, डिजिटल हस्ताक्षर और फाइल ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग, ई-एचआरएमएस प्रणाली के तहत अवकाश, पदस्थापना आदि का ऑनलाइन प्रबंधन, स्पैरो पोर्टल के माध्यम से वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन की प्रविष्टि और मूल्यांकन प्रक्रिया, अचल संपत्ति विवरण प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। कार्यालयीन प्रक्रियाओं को डिजिटल, पारदर्शी, त्वरित और पेपर मुक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता सहित काफी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

भंवरमाल पंचायत में पूर्व सरपंच द्वारा विकास कार्यों की राशि के कथित दुरुपयोग पर जांच समिति गठित।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत भंवरमाल में पूर्व सरपंच श्रीमती रेवती सिंह (पति – नेपाल सिंह) के कार्यकाल के दौरान स्वीकृत विकास कार्यों की राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले की जांच हेतु समिति का गठन कर दिया है।

ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायत में मुख्य रूप से दो कार्यों — हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्षा निर्माण तथा हनुमान मंदिर चबूतरा निर्माण — के लिए स्वीकृत शासकीय राशि के उपयोग पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित कार्यों के लिए राशि आहरित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है।

हाई स्कूल अतिरिक्त कक्षा निर्माण का मामला

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्षा निर्माण के लिए स्वीकृत राशि निकाली गई थी। आरोप है कि लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। इस संबंध में 27 दिसंबर 2024 को ग्रामीणों एवं पंचगण द्वारा कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की गई थी। शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया था कि यदि शासकीय धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।

हनुमान मंदिर चबूतरा निर्माण पर भी प्रश्न।

इसी प्रकार ग्राम भंवरमाल स्थित हनुमान मंदिर के चबूतरा निर्माण हेतु स्वीकृत राशि के उपयोग को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप है कि राशि निकासी के बावजूद स्थल पर निर्माण कार्य प्रारंभ या पूर्ण नहीं हुआ। इस संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों ने इस विषय को आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है।

मंत्री स्तर से निर्देश

ग्रामीणों का कहना है कि मामले को क्षेत्रीय मंत्री श्री रामविचार नेताम के संज्ञान में भी लाया गया था, जिसके पश्चात 31 दिसंबर 2025 को एसडीएम रामानुजगंज को जांच टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अब तक जांच की प्रगति या निष्कर्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।

पुत्र की भूमिका को लेकर भी आरोप

शिकायत में पूर्व सरपंच के पुत्र नरेंद्र सिंह की कथित भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मामलों में उनका हस्तक्षेप रहा है तथा प्रशासनिक स्तर पर प्रभाव डालने का प्रयास किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाए गए हैं कि संबंधित कार्यों से जुड़ी भुगतान प्रक्रिया में उनकी भूमिका रही हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जांच समिति का गठन

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिकायत की निष्पक्ष जांच के लिए अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है, जिसे निर्धारित अवधि में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक स्थिति

वर्तमान में मामले की जांच प्रचलित है और किसी भी प्रकार की अंतिम निष्कर्षात्मक टिप्पणी जांच पूर्ण होने के पश्चात ही संभव होगी। संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने अपेक्षा जताई है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी तथा यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब सबकी निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रामानुजगंज तेन्दूपत्ता संग्रहण प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न।

रामानुजगंज संग्रहण सत्र से पूर्व तेन्दूपत्ता के वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित संग्रहण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित वनवाटिका परिसर में तेन्दूपत्ता शाखकर्तन एवं संग्रहण प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन में तथा उप प्रबंध संचालक बलरामपुर संतोष कुमार पाण्डेय एवं वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला में परिक्षेत्र रामानुजगंज के समस्त वन विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े तेन्दूपत्ता संग्राहक, फड़मुंशी, समिति अध्यक्ष, संचालक मण्डल के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में सुनील तिवारी, सरपंच मिखाईल , जेपी गुप्ता सहित क्षेत्र के पंच एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा तेन्दूपत्ता शाखकर्तन की सही विधि, पत्तों की गुणवत्ता बनाए रखने के उपाय, सुरक्षित संग्रहण तकनीक तथा समयबद्ध विपणन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही संग्राहकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व और सतत वनोपज प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं उप प्रबंध संचालक संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से संग्राहकों की कार्यकुशलता बढ़ेगी, पत्तों की गुणवत्ता बेहतर होगी और उन्हें उचित आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से करने की अपेक्षा व्यक्त की।

कृषक उन्नति योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री करेंगे आदान सहायता राशि जारी।

बलरामपुर, छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के पंजीकृत एवं धान बीज उत्पादक किसानों को 28 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा 10,324 करोड़ रुयपे की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। यह राशि डीबीटी माध्यम से पारदर्शी तरीके से किसानों को प्रदान की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एवं विकासखण्ड मुख्यालयों में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रमों में संबंधित विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थित होंगे।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन एवं उप संचालक कृषि विभाग के नेतृत्व में सभी विकासखण्डों में 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11ः30 बजे से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसके अंतर्गत विकासखण्ड बलरामपुर में बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन, विकासखण्ड रामचन्द्रपुर में (रामानुजगंज) जनपद पंचायत सभाकक्ष, विकासखण्ड वाड्रफनगर में सहकारी समिति विरेन्द्रनगर, विकासखण्ड राजपुर में जनपद पंचायत सभाकक्ष, विकासखण्ड शंकरगढ़ में जनपद पंचायत सभाकक्ष, विकासखण्ड कुसमी में जनपद पंचायत सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उप संचालक कृषि रामचन्द्र भगत ने जिले के सभी पात्र कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने निकटतम कार्यक्रम होकर शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

सर्वो यादव समाज में आक्रोश बलरामपुर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन ।

बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में सर्वो यादव समाज की जिला इकाई ने एक आगामी विवादित फिल्म के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन को चेतावनी देते हुए उग्र प्रदर्शन की संभावना जताई है। इस संबंध में समाज के पदाधिकारियों ने बलरामपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं अन्य संबंधित उच्च अधिकारियों को भी संबोधित किया गया है, जिसमें समाज की ओर से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई है।

ज्ञापन के अनुसार फिल्म निर्माता अंकित भडाना और संदीप तोमर द्वारा निर्मित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी आगामी 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। समाज का आरोप है कि फिल्म में दर्शाया गया यादव युवती और मुस्लिम युवक के बीच काल्पनिक प्रेम प्रसंग समाज की बहन-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। सर्वो यादव समाज के जिला अध्यक्ष हरिप्रसाद सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि फिल्म का शीर्षक और कथानक सामाजिक भावनाओं को आहत कर सकता है तथा इससे क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मुद्दे को लेकर देशभर के यादव समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बजट में बलरामपुर जिले के लिए कई घोषणाएं विकास की गति को मिलेगी रफ्तार।

छत्तीसगढ़ वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के द्वारा प्रस्तुत बजट में जिले के लिए भी कई घोषणाएं की गई है, जिसके अंतर्गत सड़कों का प्रावधान रोड नेटवर्क हेतु बलरामपुर से रामानुजगंज रिंग रोड के लिए 10 करोड का प्रावधान, साथ ही विकासखण्ड शंकरगढ़ से सुहेला-कांसाबेल तक टू-लेन सड़क निर्माण का प्रावधान किया गया है। सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरण के लिए 75 करोड़, आलू प्रदर्शन विकास योजना के तहत आलू प्रोत्साहन के लिए बजट का प्रावधान किया गया है, जिसमें शंकरगढ़ भी शामिल है। इसी प्रकार जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बलरामपुर में साइबर थाना स्थापित किया जाएगा।


जिलेवासियों ने किया बजट का स्वागत जिले के निवासियों ने इस बजट का स्वागत किया है। पस्ता निवासी सुषमा मिंज ने बजट को जनहितैषी बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा। राजपुर निवासी शुभम सोनी ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े प्रावधान सराहनीय हैं। बलरामपुर निवासियों ने इसे विकास का बजट बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की अधोसंरचना मजबूत होगी। साथ ही किसानों और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है, जो राज्य को नई दिशा देगा।

जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया जा रहा वजन त्यौहार।

बलरामपुर, जिले में बच्चों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में वजन त्यौहार का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 6वर्ष तक के बच्चों का वजन कर उनके पोषण स्तर का आकलन किया जा रहा है।

वजन त्योहार के लिए जिले के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं घर-घर संपर्क कर पालकों से भेंट कर रही है और आंगनबाड़ी केंद्र तक ला रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का वजन कर उन्हें सामान्य, मध्यम कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित श्रेणियों में चिन्हांकित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर अतिरिक्त पोषण, चिकित्सकीय परामर्श एवं विशेष देखभाल उपलब्ध कराई जा सके। वजन त्यौहार के दौरान माताओं को सुपोषण, संतुलित आहार, स्तनपान, टीकाकरण एवं साफ-सफाई के महत्वके बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। जिन बच्चों में कुपोषण की आशंका पाई जा रही है, उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पूरक पोषण आहार से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र अवश्य लाएं और जनहितकारी अभियान का लाभ उठाएं।

लोक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर होगी कड़ी निगरानी।

बलरामपुर,जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक ली। बैठक में आगामी त्यौहारों, सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा विभागीय समन्वय को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बैठक में कहा कि जिले की कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी असामाजिक गतिविधि पर सतत निगरानी बनाएं रखे। उन्होंने सभी को समन्वय के साथ सजगता और सतर्कता से कार्य करने को कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अन्य विषयों पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री अभिषेक गुप्ता सहित राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मानवता का मिसाल बने पूर्व उपाध्यक्ष बी डी लाल गुप्ता।

बलरामपुर जिले के नगर रामानुजगंज में मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली, जब एक गंभीर रूप से घायल अज्ञात महिला की समय रहते मदद कर उसकी जान बचाने का प्रयास किया गया। यह सराहनीय कार्य वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व उपाध्यक्ष बी डी लाल गुप्ता द्वारा किया गया, जिनकी तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय लोगों ने खूब प्रशंसा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर एक महिला खून से लथपथ अवस्था में पड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई थी। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र तो हो गए थे, लेकिन घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई तत्काल पहल नहीं कर पा रहा था।
इसी दौरान बी डी लाल गुप्ता अपने पुत्र के साथ रामचंद्रपुर से रामानुजगंज लौट रहे थे। रास्ते में भीड़ देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और स्थिति का जायजा लिया। जैसे ही उन्हें महिला की गंभीर हालत का पता चला, उन्होंने बिना देर किए इंसानियत का परिचय देते हुए महिला को अपनी डस्टर कार में बैठाया और तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचकर उन्होंने चिकित्सकों से महिला के त्वरित उपचार का आग्रह किया, जिसके बाद डॉ. प्रजापति ने तुरंत इलाज प्रारंभ किया। समय पर मिली सहायता से महिला को प्राथमिक उपचार मिल सका।
स्थानीय लोगों ने बी डी लाल गुप्ता की इस मानवीय पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनकी संवेदनशीलता समाज के लिए एक प्रेरणा है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सच्ची मानवता वही है, जो बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंद की मदद के लिए आगे बढ़े।

जन्मदिन की बधाई या चापलूसी की मिठाई भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मनाया गया जन्म दिवस।

रामानुजगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्म दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और एकजुटता का प्रदर्शन किया।
हालांकि समारोह के दौरान कुछ ऐसे दृश्य भी सामने आए, जिन्होंने चर्चा को जन्म दे दिया। कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के फोटो पर तिलक लगाकर और प्रतीकात्मक रूप से केक खिलाते हुए दिखाई दिए। इस तरह की गतिविधियों को लेकर उपस्थित लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे पार्टी के प्रति निष्ठा और सम्मान का प्रतीक बताया, तो कुछ ने इसे फोटो में आने की होड़ या अत्यधिक चापलूसी का प्रदर्शन माना।

वहीं दूसरी ओर, कुछ वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जन्म दिवस को सेवा और सादगी के साथ मनाने का संदेश दिया। उन्होंने रामानुजगंज के 100 स्तरीय अस्पताल पहुंचकर मरीजों और परिजनों के बीच फल वितरण किया तथा उनके स्वास्थ्य की कामना की। इस पहल को कई लोगों ने सकारात्मक और जनसेवा से जुड़ा कदम बताया। जन्म दिवस के इस आयोजन ने पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और प्राथमिकताओं को लेकर भी चर्चा को जन्म दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पार्टी संगठन ऐसे आयोजनों में किस प्रकार के कार्यकर्ताओं को अधिक महत्व देता है—प्रदर्शन आधारित उत्साह दिखाने वालों को या सेवा आधारित सादगी को अपनाने वालों को। कुल मिलाकर, यह आयोजन उत्सव के साथ-साथ विचार और मूल्य दोनों की चर्चा का कारण बन गया।