Fri. Mar 6th, 2026

रामानुजगंज तेन्दूपत्ता संग्रहण प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न।

रामानुजगंज संग्रहण सत्र से पूर्व तेन्दूपत्ता के वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित संग्रहण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित वनवाटिका परिसर में तेन्दूपत्ता शाखकर्तन एवं संग्रहण प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन में तथा उप प्रबंध संचालक बलरामपुर संतोष कुमार पाण्डेय एवं वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला में परिक्षेत्र रामानुजगंज के समस्त वन विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े तेन्दूपत्ता संग्राहक, फड़मुंशी, समिति अध्यक्ष, संचालक मण्डल के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में सुनील तिवारी, सरपंच मिखाईल , जेपी गुप्ता सहित क्षेत्र के पंच एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा तेन्दूपत्ता शाखकर्तन की सही विधि, पत्तों की गुणवत्ता बनाए रखने के उपाय, सुरक्षित संग्रहण तकनीक तथा समयबद्ध विपणन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही संग्राहकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व और सतत वनोपज प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं उप प्रबंध संचालक संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से संग्राहकों की कार्यकुशलता बढ़ेगी, पत्तों की गुणवत्ता बेहतर होगी और उन्हें उचित आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Related Post