रामानुजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इकाई रामानुजगंज द्वारा होली पर्व के अवसर पर ग्रामीण अंचल के निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच होली सामग्री का वितरण किया गया। परिषद के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर बच्चों को रंग, गुलाल, पिचकारी एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की, ताकि वे भी उत्साह और उमंग के साथ होली का त्योहार मना सकें।

इस अवसर पर नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक इसकी खुशियां पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण त्योहार की आवश्यक सामग्री जुटाने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में परिषद द्वारा किया गया यह सेवा कार्य सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। बच्चों की मुस्कान देखकर कार्यकर्ताओं में भी विशेष ऊर्जा और संतोष का भाव देखने को मिला। परिषद के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक, शैक्षिक एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस सेवा गतिविधि में बलरामपुर जिला के जिला संयोजक विकास महतो, नगर सह मंत्री अनूप पाल, लवकुश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

