Thu. Apr 23rd, 2026

मानवता शर्मसार सड़क किनारे मिली लावारिस नवजात बालिका,

बलरामपुर/रामानुजगंज जिले में मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात नवजात बालिका सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 अप्रैल 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन बलरामपुर की टीम को सूचना मिली कि वाड्रफनगर क्षेत्र अंतर्गत चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर के बलंगी रोड किनारे एक नवजात शिशु पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
बताया गया है कि नवजात बालिका को फिलहाल “रचना” नाम दिया गया है, जो एक काल्पनिक नाम है। प्राथमिक सुरक्षा एवं उपचार के लिए उसे तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय देखरेख में उसका संरक्षण किया जा रहा है। बालिका की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इस संबंध में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, बलरामपुर-रामानुजगंज ने जानकारी देते हुए जिलेवासियों से अपील की है कि यदि इस नवजात बालिका के संबंध में किसी व्यक्ति, परिवार या अभिभावक को कोई जानकारी हो अथवा किसी प्रकार का दावा-आपत्ति प्रस्तुत करना हो, तो वे 07 दिवस के भीतर अपना आवेदन कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में दावा-आपत्ति प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा है कि नवजात को इस तरह सड़क किनारे छोड़ देना बेहद अमानवीय और चिंताजनक है।
यह घटना समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि आज भी मासूम बच्चों के साथ ऐसी परिस्थितियां क्यों उत्पन्न हो रही हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा बालिका की सुरक्षा और भविष्य को लेकर आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

Related Post