Thu. Apr 23rd, 2026

फाउंडेशन द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती सह सम्मान समारोह का आयोजन।

रामानुजगंज के गांधी मैदान में माली मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा इंडिया फाउंडेशन द्वारा समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य महात्मा फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में शिक्षा और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ व्यापारी सुभाष जायसवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता, अजय प्रजापति, मुकेश गुप्ता सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा स्कूल और प्राथमिक शाला कोईरी टोला के छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं शिक्षक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।

फाउंडेशन के डायरेक्टर प्रकाश मालाकार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और शिक्षा को हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि महात्मा फुले की प्रेरणा से उनकी पत्नी माता सावित्रीबाई फुले ने देश में महिलाओं के लिए पहला स्कूल खोलकर एक नई दिशा दी, जिससे समाज में जागरूकता और परिवर्तन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने महात्मा फुले के विचारों को अपनाने और समाज में समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा का वातावरण बना रहा, जिसने उपस्थित लोगों को समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Related Post