बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उनका इलाज जारी है। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्थित अपने विद्यालय के लिए स्कूटी से निकली थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक शिक्षिका ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चिकित्सा अधिकारी हेमंत दीक्षित के अनुसार मृतिका, स्वास्थ्य विभाग में सहायक ग्रेड-2 पदस्थ अखिलेश कुजूर की पत्नी थीं। इस घटना से न केवल शिक्षा विभाग बल्कि स्वास्थ्य विभाग में भी शोक का माहौल व्याप्त है। घायल शिक्षिका रजनी केवट को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना के बाद स्कूल स्टाफ, परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के सख्त उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

