बलरामपुर। जिला मुख्यालय स्थित जनपद पंचायत के सभा कक्ष में सर्व नाई सेन समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में संगठनात्मक एकता स्थापित करना तथा लंबे समय से चली आ रही नेतृत्व संबंधी स्थिति का समाधान निकालना था।
बैठक में समाज के सदस्यों ने वर्तमान में जिले में दो-दो जिलाध्यक्ष होने की स्थिति पर गंभीर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि इस कारण समय-समय पर समाज के भीतर भ्रम एवं विभिन्न प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, जिससे संगठनात्मक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। इस विषय पर सभी उपस्थित जनों ने अपने विचार रखे और समाज की एकता को सर्वोपरि बताते हुए एकमत से समाधान निकालने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश ठाकुर की विशेष उपस्थिति रही। विचार-विमर्श के बाद तत्कालीन जिलाध्यक्ष मंटू ठाकुर ने समाजहित में सहमति जताते हुए कार्यकारिणी भंग करने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित समाजजनों ने समर्थन किया। इसके पश्चात सभी स्वजातीय बंधुओं की राय जानने पर एक स्वर में राजेन्द्र श्रीवास का नाम सामने आया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से राजेन्द्र श्रीवास को सर्व नाई सेन समाज, बलरामपुर-रामानुजगंज का कार्यवाही जिलाध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया।
बैठक में समाज की एकता, संगठन के सुदृढ़ीकरण, सामाजिक विकास एवं भावी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। महेन्द्र ठाकुर ने समाज को संगठित रखते हुए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सत्रुधन ठाकुर, महेन्द्र ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, राजा ठाकुर, उदय ठाकुर, संजय ठाकुर, अशोक ठाकुर, महेन्द्र श्रीवास, भूपेन्द्र ठाकुर, दिनेश ठाकुर, कामेश्वर ठाकुर, राजेन्द्र ठाकुर, जितेन्द्र ठाकुर, हरिहर ठाकुर एवं आशीष ठाकुर सहित जिले के अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वीरेन्द्र ठाकुर ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया गया।

