बलरामपुर रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज। धान बिक्री की राशि का भुगतान नहीं होने और फर्जी केसीसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर 20 जून से सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी प्रशासन को दी है।
पीड़ित किसानों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि उनकी प्रमुख मांगों में वर्ष 2025-26 में धान बिक्री की राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाना तथा फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करना शामिल है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि किसानों द्वारा 17 जून 2026 से सुबह 10 बजे से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया गया है। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 20 जून 2026 शनिवार को सुबह 11 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा रामानुजगंज के सामने सामूहिक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।
किसानों ने आंदोलन के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि लंबे समय से समस्याओं के निराकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर धान की राशि भुगतान कराने और फर्जी केसीसी मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी रामानुजगंज को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। अब किसानों के आंदोलन को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

