Tue. Jul 21st, 2026

नवविवाहिता सहित 48 घंटे में तीन आत्महत्याएं, क्षेत्र में शोक का माहौल

48 घंटे के भीतर आत्महत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मिली जानकारी के अनुसार इनमें दो माह पहले विवाह बंधन में बंधी एक नवविवाहिता, 12वीं कक्षा का एक छात्र तथा 26 वर्षीय युवक शामिल हैं। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहली घटना मोहरसोप चौकी क्षेत्र के ग्राम उमझर की है। यहां 18 वर्षीय गीता सिंह का शव गांव के समीप एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि गीता की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल नवविवाहिता द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
दूसरी घटना भी इसी क्षेत्र से सामने आई, जहां 26 वर्षीय सुनील पनिका का शव ग्राम लांजित के पास एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
तीसरी घटना ग्राम पंचायत खोहिर की है। यहां 19 वर्षीय रंगबली सिंह, जो 12वीं कक्षा का छात्र था, का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगी।
सूरजपुर जिले में लगातार 48 घंटे के भीतर हुई इन तीन घटनाओं ने पूरे चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कम समय में तीन युवाओं की मौत ने सभी को चिंता में डाल दिया है। पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और परिजनों व अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Related Post