Thu. Jul 30th, 2026

प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की प्रभारी अधीक्षिका पर तत्काल कार्रवाई।

बलरामपुर/रामानुजगंज। आदिवासी विकास विभाग ने प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार के संचालन में पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी अधीक्षिका के विरुद्ध तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार छात्रावास में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान पाया गया कि संस्था में स्वीकृत 50 सीटों की तुलना में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम थी। इसके अलावा छात्राओं को गुणवत्ताहीन भोजन परोसने तथा छात्रावास से संबंधित आवश्यक पंजियों का समय पर अद्यतन नहीं किए जाने जैसी गंभीर कमियां भी सामने आईं।
मामले में प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती काजूरीना पण्डो को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। हालांकि उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग श्रीमती समीक्षा जैस्वाल ने तत्काल प्रभाव से श्रीमती काजूरीना पण्डो (मूल पद सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला पटेवा, विकासखंड वाड्रफनगर, जिला बलरामपुर) को प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार के अधीक्षिकीय दायित्व से मुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।

छात्रावास की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों, इसके लिए विभाग ने प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास बलंगी, विकासखंड वाड्रफनगर की अधीक्षिका श्रीमती लक्ष्मी पैकरा को आगामी आदेश तक प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
आदिवासी विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रावासों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या विद्यार्थियों की सुविधाओं से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post