Mon. Aug 3rd, 2026

सड़क निर्माण सामग्री के कथित दुरुपयोग पर उठे सवाल,

रामानुजगंज। तामेश्वरनगर–आरागाही हवाई पट्टी मार्ग के डामरीकरण कार्य के लिए रखी गई सरकारी निर्माण सामग्री के कथित दुरुपयोग को लेकर क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। युवा कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे प्रकरण को उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए डंप की गई चिप्स, गिट्टी और डामर का उपयोग निर्धारित कार्यों में न होकर निजी कार्यों के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारियों द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि उक्त सामग्री का उपयोग भवरमाल डीएवी स्कूल मार्ग, आरागाही, केरवाशीला तथा रामानुजगंज मार्ग के गड्ढों की मरम्मत के लिए किया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत सामग्री को जेसीबी और ट्रैक्टरों के माध्यम से अन्य स्थानों पर ले जाए जाने की चर्चाएं सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों का दावा है कि लगभग 150 से 200 ट्रैक्टर निर्माण सामग्री विभिन्न गांवों तक पहुंचाई गई तथा प्रत्येक ट्रैक्टर सामग्री 1500 से 2000 रुपये में बेचे जाने की बात कही जा रही है। यह सामग्री भवरमाल, नगरा-धनपुरी, तामेश्वरनगर, केरवाशीला और कंचनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचाए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इन दावों की अभी तक किसी भी सरकारी एजेंसी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में कुछ जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत हो सकती है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

इधर भवरमाल, नगरा-धनपुरी, तामेश्वरनगर और केरवाशीला मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भी लोगों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से आवागमन जोखिमभरा हो गया है। इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी स्कूल बस, साइकिल और पैदल विद्यालय पहुंचते हैं। किसानों, मरीजों तथा आम नागरिकों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध है तो उसका उपयोग तत्काल सड़क की मरम्मत में किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि सड़क की हालत लगातार बिगड़ रही है, जबकि निर्माण सामग्री के कथित रूप से अन्यत्र उपयोग और बिक्री की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं।
युवा कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि सरकारी निर्माण सामग्री का दुरुपयोग हुआ है तो यह जनता के धन और विकास कार्यों के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। समाचार में उल्लिखित आरोप संबंधित पक्षों द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post