Thu. Aug 13th, 2026

खबर का असर: महावीरगंज में केमिकल प्लांट के पानी की वैज्ञानिक जांच शुरू।

रामानुजगंज। ग्राम महावीरगंज में स्थित ग्रेफाइट केमिकल प्लांट से निकलने वाले कथित रासायनिकयुक्त पानी के नदी में प्रवाहित होने को लेकर ग्रामीणों की चिंता और जेके जी न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर संबंधित विभाग की जल विशेषज्ञ टीम ने महावीरगंज पहुंचकर प्लांट एवं आसपास के क्षेत्र से पानी के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों की वैज्ञानिक जांच जिला जल प्रयोगशाला में की जा रही है।
दरअसल, विकासखंड रामचन्द्रपुर के ग्राम महावीरगंज स्थित केमिकल प्लांट से निकलने वाले पानी को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। युवा कांग्रेस नेता इंतखाब अंसारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के व्यास मुनि यादव सहित ग्रामीणों ने इस मामले को उठाते हुए नदी में प्रवाहित हो रहे पानी से संभावित नुकसान की आशंका जताई थी।


ग्रामीणों का आरोप था कि प्लांट से निकलने वाला पानी नदी में प्रवाहित हो रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों और मवेशियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने चर्मरोग सहित अन्य समस्याओं की भी आशंका जताई थी। हालांकि, पानी वास्तव में प्रदूषित है या नहीं तथा उसमें किसी प्रकार के हानिकारक रासायनिक तत्व मौजूद हैं या नहीं, इसकी पुष्टि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय अमले के साथ जल विशेषज्ञ टीम ने महावीरगंज पहुंचकर प्लांट और आसपास के क्षेत्रों से पानी के नमूने लिए।
अब ग्रामीणों के साथ प्रशासन और क्षेत्रवासियों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। वैज्ञानिक परीक्षण से यह स्पष्ट होगा कि नदी में प्रवाहित हो रहा पानी निर्धारित मानकों के अनुरूप है अथवा उसमें किसी प्रकार के रासायनिक तत्व या प्रदूषण की मौजूदगी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Post