रामचंद्रपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकपुर के खुटहनपारा जाने वाले मार्ग पर स्थित छोटी पुलिया बाधित हो गई है। पुलिया के क्षतिग्रस्त एवं जलमग्न होने से ग्रामीणों और स्कूली छात्रों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मुख्य सड़क से बस्ती एवं स्कूल का संपर्क टूटने से ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के कारण इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए पानी और खराब रास्ते के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए मुख्य सड़क तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की समस्या नई नहीं है, लेकिन बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी पहल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत एवं आवागमन बहाल कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि बारिश के बीच ग्रामीणों एवं छात्रों की इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक आवागमन बहाल कराया जाता है।
भारी बारिश से छोटा पुलिया बाधित, ग्रामीणों और छात्रों का मुख्य सड़क से संपर्क टूटा

