Wed. Aug 19th, 2026

भारी बारिश से छोटी पुलिया जलमग्न, ग्रामीणों और छात्रों का मुख्य सड़क से टूटा संपर्क

रामचंद्रपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लुर्गी के खुटहनपारा जाने वाले मार्ग पर स्थित छोटी पुलिया जलमग्न एवं बाधित हो गई है। पुलिया पर पानी भर जाने तथा मार्ग की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों और स्कूली छात्रों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। मुख्य सड़क से बस्ती और स्कूल का संपर्क प्रभावित होने से ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान पुलिया के ऊपर पानी का बहाव बढ़ जाने से इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, किसी आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लिए मुख्य सड़क तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और प्रत्येक बारिश में स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पुलिया की मरम्मत कराने, सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों एवं छात्रों के लिए आवागमन कब तक बहाल हो पाता है।

 

Related Post