Tue. Aug 25th, 2026

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी।

रामानुजगंज। महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI ने आवाज बुलंद की है। NSUI महाविद्यालय उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय सचिव अभिषेक केशरी के नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्रों एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल कराने की मांग की।

अभिषेक केशरी ने कहा कि लंबे समय से महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों को महाविद्यालय प्रशासन तथा शासन तक लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में जनभागीदारी शुल्क के अंतर्गत छात्रसंघ चुनाव के लिए भी राशि ली जाती है। ऐसे में छात्रसंघ चुनाव आयोजित किया जाना आवश्यक है। चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों में निराशा और असंतोष की स्थिति बन रही है।
ज्ञापन के माध्यम से NSUI ने मांग की कि छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल कर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तथा चुनाव के नाम पर विद्यार्थियों से ली जाने वाली राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
अभिषेक केशरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल नहीं किए गए तो छात्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को उग्र रूप देकर विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा।
इस दौरान प्रिंस यादव, दीपक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post