Fri. Aug 28th, 2026

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लकड़ी से भरी पिकअप जप्त चालक वाहन छोड़कर फरार।

वन संपदा की अवैध कटाई एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने लकड़ी चिरान से भरी एक पिकअप वाहन को जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश वन विभाग द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अमले को लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की कार्रवाई को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदी लकड़ी को जप्त कर लिया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जप्त लकड़ी की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, लकड़ी की वास्तविक मात्रा, प्रजाति एवं कीमत का विभागीय जांच और मूल्यांकन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग द्वारा जप्त वाहन एवं लकड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से काटकर लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि वाड्रफनगर वन विभाग अवैध लकड़ी कटाई एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सक्रिय है। विभागीय कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Post