Sun. Sep 13th, 2026

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने की आत्महत्या, दो आरोपी गिरफ्तार।

सनावल। बलरामपुर रामानुजगंज जिला अंतर्गत थाना सनावल क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में थाना सनावल में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 80, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को एक नवविवाहिता दोपहर करीब 2 बजे घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की। इसी दौरान गांव के समीप स्थित एक बाउली (छोटे तालाब) में झगड़ डालकर तलाश करने पर वह पानी में फंसी हुई मिली। घटना की सूचना थाना सनावल में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।

मर्ग जांच के दौरान परिजनों एवं अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई कि शादी के करीब एक माह बाद से ही दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं दिए जाने की बात को लेकर मृतिका को कथित तौर पर पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा विवाद और मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस जांच के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने 9 सितंबर को गांव के दीवाकर यादव के खेत के समीप स्थित बाउली में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सनावल में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने दिलीप कुमार यादव (26), पिता सुरेश यादव तथा सुरेश यादव (53), पिता विंधेश्वर यादव, दोनों निवासी ग्राम सेमरवा, थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराने के बाद 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

समस्त कार्रवाई में एसडीओपी बाजीलाल सिंह, थाना प्रभारी सनावल निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, सउनि गौटिया राम मरावी, सउनि कपिल साय, आरक्षक क्रमांक 257 प्रेमलाल कुजूर एवं आरक्षक क्रमांक 766 अमृत सोनवानी का विशेष योगदान रहा।

Related Post