Mon. Oct 5th, 2026

वसीम अंसारी हत्याकांड का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत डौरा पुलिस ने वसीम अंसारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर वसीम अंसारी की हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद जांच के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के समीप एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव के हिस्से को बरामद कर वसीम अंसारी के परिजनों को बुलाया गया। मृतक के भाई ने उसकी पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो की कथित भूमिका सामने आई।
आरोप है कि मनबासो और वसीम के बीच पूर्व से संबंध होने की जानकारी सामने आई थी। घटना वाली शाम करीब 7 बजे मनबासो ने मोबाइल फोन के जरिए वसीम को मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस के अनुसार, वसीम के मौके पर पहुंचने के बाद मनबासो और सोनू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपितों ने अपराध छिपाने और मृतक की पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पूछताछ के बाद मामले की कड़ियां जुड़ती गईं और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटनास्थल और शव को ठिकाने लगाने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Post