आज सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में भीषण आग लग गई। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषक पप्पू उर्फ हरिचरण (पिता जीवनलाल धाकड़) का पाड़ोन से राजस्थान रोड पर स्थित पक्के एवं अर्ध-रिहायशी मकान है। रविवार सुबह करीब 8 बजे अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण यहां भीषण आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। आग बुझाने के दौरान मकान मालिक के पुत्र अनिल (पिता हरिचरण धाकड़) और पड़ोसी भगवानलाल (पिता जगन्नाथ शिकारी) आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजस्थान के कोटा रेफर किया गया है, जहां वर्तमान में उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
लाखों का सामान जलकर खाक
इस अग्निकांड में किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग की चपेट में आने से मौके पर खड़ी एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, मक्का व मक्का के भुट्टे, घरेलू कपड़े, बिस्तर, बर्तन, लगभग 80 लीटर डीजल का टैंक, प्लास्टिक कूलर, कृषि पाइप, अनाज के खाली बारदाने और अन्य घरेलू जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इसके अलावा, एक टाटा पंच फोर व्हीलर भी करीब 20 से 25 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हुई है।घटना की सूचना मिलते ही बमोरी तहसील के नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी जयप्रकाश गौतम ने ग्राम बरवन के पटवारी अजय शर्मा के साथ घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का बारीकी से जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि नियमानुसार नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित राहत और आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

