बलरामपुर,रामानुजगंज खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को अब टोकन के लिए समितियों में लंबी कतार नहीं लगानी पड़ेगी। ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप से किसान घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो गई है, जबकि धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से और 30 प्रतिशत समिति स्तर पर जारी होगा। ऑनलाइन टोकन में 80 प्रतिशत हिस्सा लघु एवं सीमांत किसानों और 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए आरक्षित है। भूमि रकबे के अनुसार 2 एकड़ तक के किसान को 1, 2 से 10 एकड़ तक को 2 और 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसान को 3 टोकन मिलेंगे। किसान गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर ओटीपी आधारित पंजीयन करें और धान की मात्रा दर्ज कर टोकन प्राप्त करें।
जिले में पांच नवीन धान उपार्जन केंद्र में भी धान की खरीदी होगी। शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम सिहार, राजपुर के परसागुड़ी, बलरामपुर के लिलौटी तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के चेरा और पचावल के नए केंद्र में धान की खरीदी की जाएगी। इससे दूरस्थ अंचलों के किसानों को उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि कृषक बंधुओं के हित को ध्यान में रखते हुए शासन ने ये निर्णय लिए हैं। ऐप से टोकन और नजदीक में उपार्जन केंद्र की सुविधा से किसानों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ ऐप से घर बैठे टोकन लें, ताकि कृषक समितियों में लंबी कतारों से बच सकें और धान विक्रय सुगमता से हो सके।

