Sat. Nov 21st, 2026

जिला शिक्षा अधिकारी ने,लापरवाही पर दो संकुल समन्वयक को नोटिस जारी के निर्देश

बलरामपुर, रामानुजगंज,जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने शनिवार सुबह विद्यालयीन समय में जिले के 14 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। कक्षाओं में पहुँचकर उन्होंने खुद विद्यार्थियों को पढ़ाया और उनकी शैक्षणिक समझ परखी। उपस्थिति पंजी और दैनंदिनी की जाँच कर सभी शिक्षकों को दैनंदिनी का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक और माध्यमिक शाला लुर्गीकला में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिलने पर उन्होंने प्रधान पाठक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही संकुल समन्वयक लुर्गीकला रामलोचन और संकुल समन्वयक चंदौरा सन्नू राम सूर्यवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में रंगाई-पोताई और साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भी अपने विकासखंड के सभी विद्यालयों में रंगाई-पोताई और स्वच्छता सुनिश्चित कराने को कहा गया।
हायर सेकेंडरी विद्यालय रनहत और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चलगली में उन्होंने अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी की समीक्षा की। शिक्षकों को समय-सारणी के अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार कराने के निर्देश दिए।

 

Related Post