Sun. Jun 7th, 2026

जल संसाधन विभाग भ्रष्टाचार में मस्त, किसान पानी के लिए त्रस्त।

रामानुजगंज के भंवर माल जलाशय की नहर की सफाई नहीं होने से लाखों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति जल संसाधन विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार की देन मानी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि नहर की सफाई सही ढंग से कर दी जाए, तो हजारों एकड़ भूमि सिंचित हो सकती है और क्षेत्र के कई किसान लाभान्वित हो सकते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते वर्षों में नहर रिपेयरिंग के नाम पर विभाग द्वारा लाखों रुपये खर्च किए गए। लेकिन नहर की स्थिति आज भी जस की तस है, जिससे यह साफ होता है कि कार्य सिर्फ कागजों पर ही किया गया है। नहर की सफाई के अभाव में जलाशय से छोड़ा गया पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।

इस विषय पर जब विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता से पूछा गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि नहर के कुछ हिस्सों में धारी पत्थर होने के कारण पूरी तरह से सफाई नहीं हो पा रही है। हालांकि, ग्रामीणों का तर्क है कि जब करोड़ों की लागत से भंवर माल जलाशय का निर्माण किया जा सकता है, तो क्या लाखों रुपये खर्च करके पत्थरों की कटाई नहीं की जा सकती थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर की सफाई के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है और लाखों रुपये हड़प लिए गए हैं। यह संपूर्ण मामला जांच का विषय है। लोगों की मांग है कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या प्रशासन किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचारियों पर कोई ठोस कदम उठाता है या यह मामला भी अन्य कई मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा। फिलहाल, किसान पानी के लिए तरस रहे हैं और जल संसाधन विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

Related Post

You Missed

अवैध ईंधन भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल जब्त बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में अवैध ईंधन भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर तहसील शंकरगढ़ क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाते हुए प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से संग्रहित एवं परिवहन किए जा रहे पेट्रोल और डीजल को जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शंकरगढ़ श्री अनमोल विवेक टोप्पो के नेतृत्व में तहसीलदार शंकरगढ़ तथा खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर जांच की। जांच के दौरान कुल पांच मामलों में पेट्रोल एवं डीजल के अवैध भंडारण और परिवहन की पुष्टि होने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 52 लीटर पेट्रोल एवं 105 लीटर डीजल जब्त किया। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से ईंधन का भंडारण और परिवहन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे जनसुरक्षा को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा है कि जिले में आवश्यक वस्तुओं के सुचारु एवं नियमबद्ध वितरण को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अवैध भंडारण, कालाबाजारी, परिवहन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध रूप से पेट्रोल, डीजल अथवा अन्य आवश्यक वस्तुओं का भंडारण या परिवहन किया जा रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने तथा जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।