रामानुजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगरा निवासी घूर बिगन घासी पिता जोखन घासी (उम्र 50 वर्ष) को 22 नग गौवंशी पशुओं के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अपने साथी धूमा घासी के साथ मिलकर इन पशुओं को कन्हर नदी पार कर झारखंड की ओर ले जा रहा था। ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना थाना रामानुजगंज को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।
घटनास्थल पर पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन पशुओं को झारखंड के बूचड़खाने ले जा रहे थे। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर धूमा घासी जंगल की ओर भागने में सफल हो गया, जबकि घूर बिगन घासी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 नग गौवंशी पशुओं को जब्त कर लिया है। मामले में थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 85/25 के तहत कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी घूर बिगन घासी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता का परिणाम है, जिससे अवैध पशु तस्करी की एक बड़ी कोशिश को विफल किया गया।

