रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मुख्य सड़कों, बाजारों और बस स्टैंड जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर गाय, बैल व सांड जैसे पशु बेधड़क घूमते नजर आते हैं। इन जानवरों की वजह से राहगीरों, दोपहिया व चारपहिया वाहनों के चालकों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते कुछ दिनों में आवारा पशुओं की वजह से कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। खासकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार यह जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं और हादसे हो जाते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहा है। पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, कुछ व्यापारी बताते हैं कि आवारा पशु दुकानों के सामने बैठ जाते हैं और ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
जनता की मांग है कि नगर पालिका प्रशासन तुरंत सक्रिय होकर इन पशुओं को पकड़ने और उनके लिए किसी गौशाला या आश्रय स्थल की व्यवस्था करे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगे और नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाया गया तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।

