Sat. Mar 7th, 2026

नियमों को ताक पर रखकर की जा रही है मशीन द्वारा खुदाई।

प्रखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत रामानुजगंज क्षेत्र में भारतीय एयरटेल लिमिटेड द्वारा ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) बिछाने के लिए मशीन के माध्यम से खुदाई कार्य किया जा रहा है। यह खुदाई कार्य डामर सड़क से मात्र 1 से 2 मीटर की दूरी पर किया जा रहा है, जिससे सड़क को कई स्थानों पर क्षति पहुंची है। सड़क की सतह टूटने से न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि संबंधित विभाग द्वारा कंपनी को यह कार्य सड़क से न्यूनतम 3 मीटर की दूरी पर करने की अनुमति प्रदान की गई थी। बावजूद इसके, कंपनी के कर्मचारियों द्वारा विभागीय दिशा-निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्य कराया जा रहा है, जो साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मशीन से खुदाई के कारण न सिर्फ सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बल्कि आने-जाने वाले लोगों और दोपहिया वाहनों के लिए खतरा भी उत्पन्न हो गया है। कई स्थानों पर खुदाई के बाद उसे समुचित रूप से ढंका नहीं गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

इस संबंध में जब लोक निर्माण विभागीय अधिकारि से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि यदि कंपनी द्वारा शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Post