बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के त्रिकुंडा थाना अंतर्गत ग्राम शारदापुर में दहेज प्रताड़ना का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता रितु तिवारी (27 वर्ष) ने अपने पति आकाश तिवारी, सास तारावती तिवारी (65 वर्ष) और ससुर हरिशंकर तिवारी (75 वर्ष) के खिलाफ त्रिकुंडा थाने में गंभीर आरोपों के साथ मामला दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।रितु तिवारी ने बताया कि हाल ही में उसे जलाने का प्रयास भी किया गया। घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेंद्र के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्राफनगर में डॉक्टरी परीक्षण कराया गया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, लोहे का चिमटा, रस्सी और गमछा बरामद कर जब्त किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 127(3), 287, 85, 82(1), 3(5) और अतिरिक्त रूप से 118(2) के तहत मामला दर्ज किया है।गिरफ्तारी के पश्चात तीनों आरोपियों को वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस घटना ने जिले में फिर से दहेज प्रथा की क्रूरता को उजागर किया है और समाज में एक बार फिर चिंता की लहर दौड़ गई है।