बलरामपुर,जिले के विकासखण्ड वाड्रफनगर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय फॉरेस्ट समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती जंगलों में बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों, वन अपराधों और मानव-हाथी द्वंद्व जैसी समस्याओं के समाधान हेतु आपसी समन्वय स्थापित करना था। जिसमें छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और झारखंड के वन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। समन्वय बैठक में बलरामपुर वनमंडलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी ने अध्यक्षता की। जिसमें झारखण्ड राज्य के गढ़वा जिले के वनमंडलाधिकारी श्री अंशुमन राजहंस, वनमंडलाधिकारी श्री एविन अब्राहम, मध्यप्रदेश के सिंगरौली से आरएफओ हर्षिती मिश्रा, उत्तरप्रदेशके सोनभद्र से आरएफओ श्रीमती उषा देवी, उपवनमंडल अधिकारी श्री अनिल सिंह पैकरा, श्री संतोष पांडेय, श्री निखिल सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वनकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में हाथियों के बढ़ते विचरण, उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही क्षति, मानव-हाथी संघर्ष और इसके दुष्परिणामों पर अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती अवैध लकड़ी तस्करी और अन्य वन अपराधों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में राज्य सीमाओं के आर-पार होने वाली वन्य जीव गतिविधियों और अपराधों पर नियंत्रण के लिए एक मजबूत और संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।

