रामानुजगंज मित गई रोड पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वन वाटिका के समीप कृष्णा कश्यप की दुकान के सामने स्थित एक सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां खड़ी एक बाइक पेड़ की चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शी सतीश कुजूर ने बताया कि घटना के समय बाइक सवार पास ही मौजूद था, लेकिन पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही वह तुरंत सुरक्षित स्थान पर हट गया। यदि वह समय रहते नहीं भागता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं या उसकी जान भी जा सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कई सूखे और कमजोर पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी गिरकर जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। बावजूद इसके, वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि विभाग तत्काल ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें काटे या हटाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।यह घटना फिर से इस बात की याद दिलाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर रखरखाव और सुरक्षा उपायों की अनदेखी, नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के लिए यह चेतावनी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए।