Sat. Mar 7th, 2026

वन विभाग की अवैध साल चिरान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई।

बलरामपुर।वनमण्डलाधिकारी आलोक वाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने अवैध साल चिरान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र बलरामपुर के अंतर्गत बीट कपिलदेवपुर में सर्च वारंट के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई, जहाँ से कुल 102 नग साल चिरान बरामद किए गए।
पहली कार्रवाई शिवबरत के घर में की गई, जहाँ टीम को 84 नग साल चिरान मिला, जिसका माप 0.997 घनमीटर पाया गया। इसके बाद दूसरी कार्रवाई हरदयाल के घर की गई, जहाँ से 18 नग साल चिरान बरामद हुआ, जिसका परिमाण 0.267 घनमीटर था। दोनों स्थानों से बरामद कुल 1.264 घनमीटर साल चिरान को विभाग ने जब्त कर लिया।
अवैध रूप से साल चिरान के संग्रहण और संरक्षण को गंभीर अपराध मानते हुए, संबंधित आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1) क तथा धारा 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जंगलों में बढ़ रहे अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जप्ती एवं समूचे अभियोजन के दौरान वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें वन परिक्षेत्र अधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना, वनपाल घनश्याम शर्मा, अनिल कुजूर, वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, धनसाय, श्रीमती प्रियंका सिंह, सुरेन्द्र सिंह और अजीत कुजूर प्रमुख रूप से शामिल थे। टीम ने समन्वित प्रयासों से कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
वन विभाग का कहना है कि आगे भी इस तरह की कड़ी निगरानी जारी रहेगी तथा अवैध लकड़ी तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post