Sat. Mar 7th, 2026

छात्रों के साथ शिक्षकों का भी समय-समय पर ज्ञान परीक्षण आवश्यक आशीष गुप्ता।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की माँग को लेकर यात्रा फाउंडेशन ने जिला शिक्षा विभाग को एक ज्ञापन सौंपा। फाउंडेशन के प्रतिनिधि आशीष गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों सहित विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान आधारित पात्रता परीक्षा आयोजित करने की माँग रखी गई।
आशीष गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए लगभग सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसके बावजूद कई विद्यालयों का शैक्षिक परिणाम संतोषजनक स्तर पर नहीं पहुँच पा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रगति का सीधा संबंध शिक्षकों की जिम्मेदारी और उनकी तैयारी से है, इसलिए शिक्षकों का भी समय-समय पर ज्ञान परीक्षण आवश्यक है।
फाउंडेशन ने यह भी प्रस्ताव रखा कि सरकार के सहयोग से शहर के सभी प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों को बेहतर तकनीकी और आधुनिक शिक्षा मिल सके। संस्था का उद्देश्य कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय की तैयारी कराना है, जिससे वे उच्चस्तरीय शिक्षा के लिए योग्य बन सकें और उनका भविष्य उज्ज्वल हो।
यात्रा फाउंडेशन ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि किसी भी सुधार की दिशा में आगे बढ़ने से पहले बच्चों की वर्तमान शिक्षा स्तरीय स्थिति परखना जरूरी है। इससे यह पता चलेगा कि किस विषय पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है और उनकी कमजोरियों को कैसे दूर किया जाए।
इन सभी बिंदुओं के साथ ज्ञापन जिला शिक्षा विभाग के सह-संचालक रामपथ यादव को सौंपा गया। फाउंडेशन की ओर से ओम प्रकाश ठाकुर, आशीष गुप्ता, अंकित गुप्ता और आशीष ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जनहित में उचित कदम उठाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

Related Post