युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत नई पदस्थापना पर उपस्थित न होने वाले अतिशेष शिक्षकों के विरुद्ध शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिले में कुल 38 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। इन शिक्षकों को विभाग द्वारा नई पदस्थापना दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्होंने वहां ज्वाइनिंग नहीं की, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।

कांकेर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अतिशेष घोषित किए जाने के बाद संबंधित शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे नई शाला अथवा संस्था में अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करें। इसके बावजूद आदेश की अवहेलना किए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए आदेश जारी कर दिए। निलंबन से संबंधित आदेश जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को भेज दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

