केंद्र सरकार द्वारा 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए पूर्व महामंत्री भाजयुमो एवं विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट विशेष रूप से देश के युवाओं की आकांक्षाओं, आवश्यकताओं तथा भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो राष्ट्र निर्माण को नई मजबूती प्रदान करेगा। अश्विनी गुप्ता ने कहा कि बजट में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन और आधुनिक तकनीकों को प्राथमिकता देकर यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु प्रत्येक जिले में छात्रावास की व्यवस्था, युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम, तथा डिजिटल टेक्नोलॉजी, एनीमेशन, गेमिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार सराहनीय कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि स्टार्ट-अप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रावधान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। साथ ही पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया जाना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी है।
अश्विनी गुप्ता ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का सशक्त विजन प्रस्तुत करता है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को इस युवा-हितैषी, विकासोन्मुखी एवं भविष्य निर्माण करने वाले बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं आभार व्यक्त किया। सवाल यह है कि क्या वाकई में आम जनता के हित में बजट है।

