Mon. May 18th, 2026

बलरामपुर 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानें रहेंगी बंद।

बलरामपुर। केंद्र सरकार द्वारा जारी जीएसआर अधिसूचनाओं के विरोध में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के औषधि विक्रेताओं ने 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। यह बंद देशव्यापी आंदोलन के तहत किया जा रहा है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान तथा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (CCDA) के निर्देश पर जिले के सभी दवा व्यवसायी इस आंदोलन में शामिल होंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जन स्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट की व्यवस्था के कारण नकली दवाओं का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय दवा दुकानों में पंजीकृत और अनुभवी फार्मासिस्ट मरीजों को सही सलाह और उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जबकि ऑनलाइन दवा खरीद में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यमों से एआई आधारित फर्जी प्रिसक्रिप्शन बनाकर नशे एवं साइकोट्रॉपिक दवाइयों की खरीद की जा रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

संघ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने आरोप लगाया कि GSR 817(E) एवं GSR 220(E) जैसी अधिसूचनाओं का दुरुपयोग कर अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। दवा व्यवसायियों का कहना है कि स्थानीय दुकानों में दवाओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है तथा समय-समय पर ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा निरीक्षण कर दवाओं की गुणवत्ता की जांच की जाती है, जबकि ऑनलाइन बिक्री में इस प्रकार की निगरानी का अभाव है।

संघ के लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 20 मई को जिले के अंतर्गत आने वाली सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए ब्लॉक मुख्यालयों में कुछ दुकानों को चिन्हित किया गया है, जहां अत्यंत आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

संघ के जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी नेआम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यक दवाइयां 19 मई तक खरीद लें तथा 20 मई के बंद को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। प्रेस वार्ता में लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय, जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post