माली-मालाकार समाज में वैवाहिक संबंधों को सरल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से माली-मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा इंडिया फाउंडेशन के बैनर तले पहली बार दो दिवसीय अंतरराज्यीय लड़का-लड़की परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन आगामी 25 एवं 26 जुलाई को झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित होगा।

फाउंडेशन के संस्थापक एवं डायरेक्टर प्रकाश मालाकार ने बताया कि वर्तमान समय में समाज के युवाओं के विवाह में अनेक प्रकार की कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समाज के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर इस परिचय सम्मेलन के आयोजन का निर्णय लिया गया है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर वैवाहिक संबंधों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद भगत ने समाज के सभी माली, मालाकार, भगत एवं सैनी समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी अपने पुत्र-पुत्रियों का बायोडाटा एवं नवीनतम फोटो साथ लेकर आएं। यदि संभव हो तो युवक-युवती को भी साथ लाना बेहतर रहेगा, जिससे आपसी परिचय एवं संवाद में सुविधा होगी। एक परिवार से अधिकतम चार सदस्य, जिनमें माता-पिता एवं लड़का-लड़की शामिल हों, कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे।
राष्ट्रीय संयोजक सतीश मालाकार ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए 9713423708, 9431103869 एवं 9673155701 पर संपर्क कर सकते हैं।
समाज के वैवाहिक संबंधों को मजबूत बनाने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आयोजित यह सम्मेलन समाज के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

