रामानुजगंज। नगर के प्रमुख सब्जी मार्केट परिसर की जर्जर स्थिति अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। लंबे समय से परिसर में बनी अव्यवस्थाओं और जर्जर हिस्सों के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक सब्जी खरीदने के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी मार्केट शहर के व्यस्ततम स्थानों में शामिल है, जहां सुबह से लेकर शाम तक काफी भीड़ रहती है। परिसर की जर्जर स्थिति के बीच यदि किसी हिस्से का मलबा या निर्माण सामग्री गिरती है अथवा कोई अन्य दुर्घटना होती है, तो इसकी चपेट में व्यापारी और ग्राहक आ सकते हैं। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जर्जर हिस्सों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए जाने की मांग की है।
मामले को लेकर नगर पालिका अधिकारी से बात की गई तो। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने संबंधित समस्या का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा जर्जर परिसर की स्थिति सुधारने के लिए कितनी जल्दी ठोस कदम उठाए जाते हैं। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे, ताकि सब्जी मार्केट में आने वाले व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रामानुजगंज सब्जी मार्केट की जर्जर स्थिति, हो सकता है कभी भी बड़ा हादसा।

