Wed. Aug 12th, 2026

रामानुजगंज सब्जी मार्केट की जर्जर स्थिति, क्या प्रशासन कर रहा बड़े हादसे का इंतजार ।

रामानुजगंज। नगर के प्रमुख सब्जी मार्केट परिसर की जर्जर स्थिति अब व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। लंबे समय से परिसर में बनी अव्यवस्थाओं और जर्जर हिस्सों के चलते यहां कभी भी अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है। मार्केट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सब्जी मार्केट शहर के व्यस्ततम स्थानों में शामिल है। सुबह से लेकर शाम तक यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि जर्जर हिस्से का कोई मलबा या निर्माण सामग्री अचानक गिरती है अथवा किसी अन्य कारण से दुर्घटना होती है, तो इसकी चपेट में व्यापारी और ग्राहक आ सकते हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से सब्जी मार्केट परिसर का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर हिस्सों को चिन्हित करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में रोजाना आने वाले लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

CMO ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

मामले को लेकर नगर पालिका प्रशासन का पक्ष जानने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार से बात की गई। उन्होंने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। CMO ने संबंधित स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
अब देखने वाली बात होगी कि नगर पालिका प्रशासन सब्जी मार्केट की जर्जर स्थिति को लेकर कितनी जल्दी ठोस कदम उठाता है। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि किसी अप्रिय घटना के घटित होने का इंतजार न किया जाए और तत्काल आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजार में आने वाले व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

Related Post