रामानुजगंज। 23 अगस्त 2026 को अंबिकापुर में आयोजित सावन सुंदरी महोत्सव 2026 में पूरे सरगुजा संभाग से प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा और विविधता को प्रस्तुत किया।
इस गरिमामयी आयोजन में बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वार्ड क्रमांक 4 निवासी श्री ओम प्रकाश ठाकुर जी की सुपुत्री श्रेया माही ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति देकर पूरे संभाग के प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रेया माही ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए Miss Chhattisgarh 2026 – 1st Runner Up का खिताब अपने नाम किया।
श्रेया माही की इस उपलब्धि से रामानुजगंज नगर सहित पूरे बलरामपुर जिले के लोगों में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। एक छोटे से शहर से निकलकर श्रेया ने संभाग स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपने नगर और जिले का नाम रोशन किया है।
श्रेया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, प्रोत्साहित करने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की है। ऐसी प्रतिभावान छात्राओं एवं युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और स्थानीय संस्थाओं को मिलकर निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिल सके।
श्रेया माही की इस उपलब्धि पर नगरवासियों, शुभचिंतकों एवं जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

