बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राज्य शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कैलेंडर आधारित कार्ययोजना तैयार कर सभी गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के लिए नियुक्त नोडल एवं सब-नोडल अधिकारियों को सक्रिय सहभागिता के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां विभागीय समन्वय के साथ समय से पहले पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
कलेक्टर ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसकी जानकारी जिले के प्रत्येक घर तक पहुंचनी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़कर जनभागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए 13 से 15 सितंबर के बीच दीयों का वितरण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
12 प्रमुख पहलों के माध्यम से होगी जनभागीदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करना है। एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इस दौरान परिवारों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर जन-आभार व्यक्त किया जाएगा। इसके लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों और गैस वितरण केंद्रों के माध्यम से दीयों का वितरण किया जाएगा तथा अमृत सरोवर, पंचायत भवन एवं आवास योजना वाले मोहल्लों में सामूहिक दीप प्रज्वलन होगा।
इसी क्रम में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत 18 सितंबर को विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता तथा 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विकासखंड स्तर पर 28 सितंबर एवं 1 अक्टूबर तथा जिला स्तर पर 3 अक्टूबर को प्रतियोगिताएं होंगी।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा। वहीं 23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत नागरिक स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, रक्तदान एवं नदी-घाट सफाई जैसी गतिविधियों में भाग लेंगे।
29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत महाविद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता तथा जिला मुख्यालय में मानव रंगोली का आयोजन किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचकर होगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ पहल के अंतर्गत 10 से 15 ग्रामों का क्लस्टर बनाकर प्रत्येक विकासखंड में न्यूनतम चार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान करने के साथ राजस्व प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां विभिन्न दिशाओं से जिला मुख्यालय पहुंचेंगी। वहीं 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से जिले के युवा नवाचारियों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
12 अक्टूबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत मातृ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूरे अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। साथ ही ‘जल जन सेवा संकल्प’ के अंतर्गत जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित होंगी।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद-जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। प्रशासन ने अभियान की सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

