बलरामपुर,पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टांगरमहरी में आज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) और मल्टी-फाउंडेशनल स्किल लैब का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए तकनीकी और वैज्ञानिक मॉडलों का एक-एक कर अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने रेन डिटेक्टर, स्मार्ट डस्टबिन, लेजर सिक्योरिटी सिस्टम, वायरलेस पावर ट्रांसफर, टच सेंसर, क्लैप सर्किट, डिजिटल मल्टीमीटर, आर्डुइनो आधारित ऑब्स्टेकल डिटेक्शन सिस्टम और ऑडिटरी रोबोट जैसे उपयोगी प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से पूछा कि उन्होंने ये मॉडल किस समस्या को ध्यान में रखकर बनाए हैं और ये कैसे काम करते हैं। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता बताई। जनहित से जुड़े इन नवाचारों से प्रभावित होकर कलेक्टर ने बच्चों को भविष्य का वैज्ञानिक बताया और उनकी खुले मन से सराहना की।

लैब शुभारंभ के बाद कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। प्राचार्य ने सत्र 2025-26 की प्रगति, शिक्षकों व स्टाफ की स्थिति और परीक्षा परिणाम की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एम आर यादव, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ श्री अजय कुर्रे, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य, पालक प्रतिनिधि, समिति के सदस्य और विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

