बलरामपुर, रामानुजगंज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय बलरामपुर में नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन हुआ। प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन की आधारशिला रखी। 60 सीटों वाले इस महाविद्यालय का भवन मरियम पारा में आवंटित 2 एकड़ 80 डिसमिल भूमि पर बनेगा। यह पहल जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय बनने से जिले में चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। अब तक यहां के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जबकि अब यह अवसर उन्हें अपने ही जिले में मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षित युवा सीधे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ेंगे और ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों तक बेहतर उपचार पहुंचाने में सहभागी बनेंगे। मंत्री श्री नेताम ने नर्सिंग को मानवता की सेवा का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय जिले की बेटियों और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के साथ समाज सेवा का अवसर भी देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर विस्तार का उल्लेख किया और इस पहल को सेवा संकल्प की भावना का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति श्री ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंहदेव और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्री गौतम सिंह, श्री गोपाल मिश्रा, श्री अजीत सिंह, श्री विजय प्रताप सिंह, श्रीमती स्वर्णलता प्रीतम, श्री मुकेश गुप्ता और श्री एस.एन. चौबे सहित गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह व अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू हुई यह पहल जिले की बेटियों के स्वावलंबन और सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव बनेगी।
स्वास्थ्य शिक्षा की नई नींव, मंत्री बोले, अब जिले में ही तैयार होंगे स्वास्थ्य सेवा के सिपाही।

