मैनपुरी। सास और दामाद के कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आने के बाद परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के विरोध और समझाइश के बावजूद महिला और युवक एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं हैं। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई है। मामला बढ़ने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस दोनों की काउंसिलिंग कर रही है।
सूत्रों से जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर में महिला की बहन की बेटी की शादी करीब दो वर्ष पहले दूसरे मोहल्ले के 19 वर्षीय युवक से हुई थी। शादी के बाद युवक का अपनी ससुराल के साथ-साथ अपनी मौसिया सास के घर भी आना-जाना था। इसी दौरान महिला और युवक के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात परिवार के सामने आई। परिजनों के अनुसार, करीब छह माह पहले दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध शुरू हुआ।
मामले की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को होने के बाद उन्होंने दोनों को समझाने का प्रयास किया। महिला के पांच बच्चों को भी जब कथित संबंध की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि परिवार और पंचायत स्तर पर समझाइश के बावजूद दोनों अपने फैसले पर कायम रहे।
परिजनों के अनुसार, महिला और युवक दोनों साथ रहने तथा शादी करने की इच्छा पर अड़े हुए हैं। युवक ने पुलिस के समक्ष भी महिला के साथ रहने की बात कही है। बताया जा रहा है कि युवक महिला के पांचों बच्चों को भी साथ रखने के लिए तैयार है।
मामले को लेकर परिजनों द्वारा पुलिस से संपर्क किए जाने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया के मुताबिक, महिला और उसकी बहन के दामाद के बीच कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा दोनों की काउंसिलिंग की जा रही है और परिवार के सदस्यों को भी समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े लोगों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस की काउंसिलिंग और पारिवारिक समझाइश के स्तर पर है।

