बलरामपुर, रामानुजगंज स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार इंस्पायर-अवार्ड मानक (INSPIRE-MANAK) योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत नामांकन आमंत्रित करने की अंतिम तिथि सक्षम प्राधिकारी द्वारा बढ़ाई गई है। अब इच्छुक विद्यालय 10 अक्टूबर 2026 तक विद्यार्थियों के नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे।
इंस्पायर-मानक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार की प्रतिभा को पहचानना एवं प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से छात्र-छात्राओं की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार क्षमता को विकसित किया जाता है, जिससे प्रतिभाओं की पहचान होकर राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सुनिश्चित हो सके।
जिला शिक्षा विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय प्रमुखों से आग्रह किया है कि वे अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों एवं नवाचारी परियोजनाओं का नामांकन निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, जिससे जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थी इस राष्ट्रीय स्तर की योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। विद्यार्थियों को भी समय पर नामांकन कराकर अपनी नवाचार की सोच को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया है।

