बलरामपुर: जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर की ओर से पार्टी कार्यालय भवन में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तीसरे चरण और आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी व राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक ने ‘SIR’ प्रक्रिया पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन इस अन्याय के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहा है।
इस दौरान आगामी चुनावों की तैयारियों और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची की जांच करने और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का आह्वान किया। साथ ही, लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
दिल्ली महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं ने दिल्ली में आयोजित होने वाली विशाल महारैली का विशेष जिक्र किया। उन्होंने बलरामपुर जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस महारैली में शामिल होने और अभियान को मजबूती प्रदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक, छत्तीसगढ़ सहप्रभारी जरिता लैतफलांग के अलावा पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम सिंह, डॉ. प्रेमसाय सिंह, जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, मधु गुप्ता, प्रतीक सिंह सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता व बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) उपस्थित रहे।

