Sat. Mar 7th, 2026

छात्रावास में सांप काटने से छात्र की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर प्रखंड अंतर्गत बालक छात्रावास झारा में अध्ययनरत कक्षा तीसरी के छात्र विजय कुमार सिंह, पिता हीरालाल सिंह ग्राम पचवाल को सांप काटने से दर्दनाक मौत हो गई। मंडल संयोजक के अनुसार, घटना उस समय हुई जब छुट्टी के बाद छात्रावास परिसर में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने विजय को डस लिया।

घटना की सूचना मिलते ही छात्र को आनन-फानन में सनावल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंडल संयोजक ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

लोगों का कहना है कि यह  हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या छात्रावास परिसर की नियमित सफाई नहीं होती? क्या प्रशासन द्वारा विषैले जीव-जंतुओं से सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए जाते?

सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर इन छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षा देने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे पहले भी विषैले जीव-जंतुओं के कारण कई मासूमों की जान जा चुकी है।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। अब यह देखना होगा कि जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासन। क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन से ठोस कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Post