Sat. Mar 7th, 2026

10वीं एवं 12वीं को छोड़कर समस्त स्कूलों में 6 जनवरी को अवकाश घोषित।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जारी कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव द्वारा एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेश क्रमांक 20/01/05/2026 के परिपालन में जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में दिनांक 06 जनवरी 2026, मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए रहेगा। हालांकि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को इस अवकाश से मुक्त रखा गया है, क्योंकि उनकी प्रायोगिक परीक्षाएं वर्तमान में संचालित हैं। अतः इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के बावजूद शिक्षक एवं अन्य समस्त कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे और शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे। गौरतलब है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को ठंड से राहत मिल सके। जिला शिक्षा विभाग के इस निर्णय से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को राहत मिली है।

 

Related Post