प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे मौजूद युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही चांदो थाना एवं गणेश मोड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारू हो सका।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंठी घाट मार्ग पर बॉक्साइट परिवहन प्रतिबंधित होने के बावजूद भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं, जिससे इस प्रकार की घटनाएं बढ़ रही हैं। मामले को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

