Fri. Apr 24th, 2026

कनहर नदी के जल प्रवाह रोकने वालों पर सख्ती, संयुक्त टीम ने कि कई मोटर जब्त।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कनहर नदी के जल प्रवाह को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज के मार्गदर्शन में तहसीलदार, नगरपालिका, जल संसाधन विभाग (WRD), पंचायत एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान विद्युत अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए तथा नदी से अवैध रूप से पानी खींचने में उपयोग हो रही कई मोटर पंप जब्त किए गए।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ग्रामीण क्षेत्र के कुछ लोग गर्मी के मौसम में फसल सिंचाई के लिए कनहर नदी का जल प्रवाह रोक रहे हैं। इसके लिए अस्थायी बांध बनाकर पानी को रोक लिया जाता है, जिससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है। इसका सीधा असर रामानुजगंज नगर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। जल स्तर घटने से शहर में जल संकट गहराने लगा है, वहीं पशुओं को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
कलेक्टर ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सख्त निर्देश जारी किए थे कि नदी के प्रवाह में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों के बाद गठित टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण किया और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

Related Post