Wed. May 20th, 2026

महंगाई के विरोध में रामानुजगंज ब्लॉक कांग्रेस का जोरदार धरना प्रदर्शन।

रामानुजगंज- देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही वृद्धि के विरोध में मंगलवार को रामानुजगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जय स्तंभ चौक में जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान तथा जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चरणबद्ध आंदोलन के तहत आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।धरना प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को आम जनता पर आर्थिक बोझ बताते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च में वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल कमी कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए तथा ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने रिफाइंड तेल, सरसों तेल, दाल, चावल सहित किराना सामानों की लगातार बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। जिला महामंत्री अशोक जायसवाल ने शासन से आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों पर नियंत्रण लगाने और आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

धरने में सराफा व्यापार से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेता अजय सोनी,ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सोने की खरीद सालभर बंद रखने की अपील से सोना-चांदी कारोबार प्रभावित हुआ है, जिससे व्यापारियों, कारीगरों और कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने इस निर्णय का विरोध करते हुए सराफा व्यवसाय को राहत देने की मांग की। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, अरुण अग्रवाल, जिला महामंत्री अशोक जायसवाल, अजय सोनी, जिला सचिव व्यासमुनि यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी, सनोज दास, ओमप्रकाश यादव, नरेंद्र सिंह खेरवार, नीरज गुप्ता, प्रेमसागर सिंह, ज्ञानती गुप्ता, चंदेश्वर कुशवाहा, जयलाल यादव, रुपवंती जायसवाल, इंतेखाब अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post