Sat. Jul 4th, 2026

एनएच-343 पर बरसात में होने वाली परेशानियों को लेकर सक्रिय हुए नपा अध्यक्ष, कलेक्टर ने दिए तत्काल निर्देश।

रामानुजगंज। नगर से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-343) के निर्माण कार्य के कारण बरसात के मौसम में संभावित समस्याओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने जिले के कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी से मुलाकात कर नगरवासियों की परेशानियों से अवगत कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि एनएच-343 के निर्माण कार्य के चलते अग्रसेन चौक, दीनदयाल मांगलिक भवन, चांदनी चौक तथा लरंगसाय चौक सहित कई स्थानों पर सड़क निर्माण और बिजली के खंभों के स्थानांतरण का कार्य बाकी है। यदि नगर में बरसात के दौरान  निर्माण कार्य जारी रहा तो कीचड़, जलभराव और अवरुद्ध मार्ग के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं एनएच-343 निर्माण कार्य में लगी एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों के कारण किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान ऐसे निर्माण कार्य, जिनसे नगर में यातायात प्रभावित हो सकता है, उन्हें फिलहाल स्थगित रखा जाए तथा आवश्यक सुरक्षा और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कलेक्टर के त्वरित निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में निर्माण कार्य पर रोक लगने से नगरवासियों को राहत मिलेगी और लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य सुव्यवस्थित ढंग से कराया जाएगा।

Related Post